जमुआ लूटकांड का खुलासा, गिरिडीह पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
ग्राहक बनकर दुकान में घुसे बदमाश, नकदी और सोने की चेन लूटकर हुए थे फरार

गिरिडीह : जिले के जमुआ थाना क्षेत्र स्थित थाना रोड में दुकान सह मकान में हुई लूटकांड की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की है। शुक्रवार को खोरीमहुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने प्रेस वार्ता में बताया कि 12 मई 2026 की रात करीब 8:15 बजे ग्राम जमुआ चौक थाना रोड निवासी बंशी साव के दुकान सह मकान में दो अपराधी ग्राहक बनकर पहुंचे थे। आरोपियों ने चावल खरीदने के बहाने दुकान खुलवाई और अंदर घुसते ही बंशी साव के साथ मारपीट कर उन्हें डराया-धमकाया। इसके बाद करीब 50 हजार रुपये नकद और एक सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद जमुआ थाना कांड संख्या 130/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(6) के अंतर्गत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बिनोद कुमार साव (35 वर्ष) निवासी मिर्जागंज, गुड्डु कुमार लहेरी (28 वर्ष) निवासी पचमो थाना सतगावां जिला कोडरमा तथा नंदकिशोर रविदास उर्फ मंटू (31 वर्ष) निवासी चंदौरी थाना तिसरी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 11,100 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, पल्सर मोटरसाइकिल संख्या JH11AM-5501 तथा होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल संख्या JH11AE-4661 बरामद की है। छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक प्रदीप कुमार दास, जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव, एसआई रोहित कुमार सिंह, हिरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्रा, तिसरी थाना प्रभारी शंभु नंद ईश्वर एवं एसआई वेद प्रकाश पांडेय सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।