कब्रिस्तान में जेसीबी चलने से बवाल, ओवरहेड टैंक निर्माण पर ग्रामीणों ने लगाई रोक
कब्रें क्षतिग्रस्त होने से भड़का आक्रोश, प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद काम बंद

हाथरस : सादाबाद क्षेत्र के पुसैनी गांव में रविवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई जब जल जीवन मिशन के तहत ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए चल रही खुदाई के दौरान कब्रिस्तान की जमीन पर जेसीबी चला दी गई। खुदाई के दौरान कई कब्रें क्षतिग्रस्त हो गईं और कुछ में दफन शव बाहर निकल आए जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया। लोगों का आरोप था कि बिना किसी पूर्व सूचना, अनुमति या ग्रामसभा की सहमति के कार्य शुरू किया गया जो पूरी तरह अनुचित है। ग्रामीणों के अनुसार उक्त भूमि वर्षों से कब्रिस्तान के रूप में उपयोग में रही है इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा बिना जांच-पड़ताल के खुदाई कराई गई। स्थिति बिगड़ते देख स्थानीय प्रशासन सक्रिय हुआ। मौके पर पहुंचे लेखपाल और ग्राम प्रधान उमेश कुमार चौधरी ने ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिया कि कब्रिस्तान की जमीन पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा। घटना के बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में बाहर निकले शवों को सम्मानपूर्वक पुनः दफनाया गया। ग्राम प्रधान ने क्षतिग्रस्त चार कब्रों की मरम्मत कराने का आश्वासन भी दिया। वहीं जल निगम के सहायक अभियंता चंद्रपाल सिंह लोधी ने बताया कि कब्रें मिलने के बाद फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है और वैकल्पिक स्थल पर विचार किया जा रहा है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए शांति बनाए रखने की अपील की है।