72 घंटे में ज्वेलरी लूटकांड का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार, एसपी मुकेश लुणायत की बड़ी कार्रवाई
एक करोड़ की डकैती में 180 जेवर बरामद, बिहार-झारखंड में छापेमारी, मास्टरमाइंड अब भी फरार

रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित ज्वेलरी लूटकांड का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। 21 अप्रैल को चितरपुर स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई करीब एक करोड़ रुपये की डकैती के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 23 अप्रैल तक गिरफ्तारी पूरी कर ली गई, जबकि 24 अप्रैल को सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। घटना के तुरंत बाद एसपी मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और खुफिया इनपुट के आधार पर झारखंड के कई जिलों के साथ-साथ बिहार में भी छापेमारी की। इस दौरान बिहार के हरनौत से तीन, पलामू से दो और रामगढ़ से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने वारदात से पहले दुकान की रेकी की थी और सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने प्रेस वार्ता में कहा कि यह पूरी तरह से योजनाबद्ध अपराध था लेकिन हमारी टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अपराधियों के मंसूबों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 180 प्रकार के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया गया है। एसपी लुणायत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक शातिर अपराधी भी शामिल है जिसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध पर नियंत्रण हमारी प्राथमिकता है। इस मामले में शामिल अन्य संदिग्धों और मुख्य साजिशकर्ता की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और फरार मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को जिले में कानून-व्यवस्था की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।