ताज़ा-ख़बर

108 एंबुलेंस चालकों की हड़ताल पर झारखंड सरकार सख्त, वाहनों की चाबी प्रभारी को सौंपने का निर्देश

रिपोर्ट: VBN News Desk15 घंटे पहलेझारखण्ड

वैकल्पिक चालकों से एंबुलेंस सेवा चालू करने की तैयारी, हड़ताल जारी रखने पर कार्रवाई की चेतावनी

108 एंबुलेंस चालकों की हड़ताल पर झारखंड सरकार सख्त, वाहनों की चाबी प्रभारी को सौंपने का निर्देश

रांची : झारखंड में 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के चालकों की हड़ताल को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक कार्यालय की ओर से 19 नवंबर 2026 को जारी पत्र में हड़ताल पर गए चालकों को एंबुलेंस की चाबी संबंधित स्वास्थ्य संस्थान के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (एमओआईसी) को सौंपने का निर्देश दिया गया है। इसके बावजूद शुक्रवार को भी 108 एंबुलेंस चालकों की हड़ताल जारी रहने की सूचना है। पत्रांक 9/RCH-41(DOR)/2026 के तहत जारी निर्देश में 18 नवंबर को दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर का उल्लेख किया गया है। पत्र के अनुसार सम्मान फाउंडेशन के माध्यम से नियुक्त 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मी पूर्ण कार्य बहिष्कार पर हैं। इसके कारण चालकों द्वारा एंबुलेंस का परिचालन नहीं किया जा रहा है और वाहनों की चाबी भी संबंधित प्रभारी को नहीं सौंपी गई है। अभियान निदेशक ने निर्देश दिया है कि एंबुलेंस सेवा के संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। हड़ताल पर गए चालकों से एंबुलेंस की चाबी संबंधित स्वास्थ्य संस्थान के उपाधीक्षक अथवा एमओआईसी के समक्ष जमा कराने को कहा गया है ताकि वैकल्पिक चालकों के माध्यम से सेवा का संचालन किया जा सके। पत्र में यह भी चेतावनी दी गई है कि चाबी जमा नहीं करने की स्थिति में संबंधित चालकों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने और अनिवार्य सेवा को बाधित करने के आरोप में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस पत्र की प्रतिलिपि राज्य के अपर मुख्य सचिव, सभी उपायुक्तों, स्वास्थ्य सेवा निदेशक, सिविल सर्जनों तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है। हालांकि सरकारी निर्देश के बावजूद 108 एंबुलेंस चालकों की हड़ताल जारी रहने की सूचना है। ऐसे में मरीजों को आपातकालीन सेवा उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कितनी प्रभावी होगी यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा। वहीं, चालकों की मांगों और हड़ताल समाप्त होने को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

इन्हें भी पढ़ें.