सलोना सावन-2025 में झारखंड क्षत्रीय महिला संघ ने दिखाई संवेदनशीलता, जरूरतमंद को मिलेगा व्हीलचेयर
महिलाओं में नेतृत्व और सहानुभूति का संगम, आदित्यपुर में सावन उत्सव के बहाने समाजसेवा का संदेश

आदित्यपुर : झारखंड क्षत्रीय महिला संघ, आदित्यपुर यूनिट (एनआईटी) द्वारा शनिवार को सलोना सावन-2025 कार्यक्रम सादगी और समाजसेवा के भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम आदित्यपुर-2 स्थित आधारशिला टावर में आयोजित हुआ, जिसकी मुख्य अतिथि डॉ. कविता परमार रहीं। उन्होंने महिलाओं को नेतृत्व में आगे आने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर सावन की पारंपरिक रौनक भी दिखाई दी। लोकगीत और लोकनृत्य की सुंदर प्रस्तुतियों ने उपस्थित महिलाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। साथ ही एक रैंप वॉक भी आयोजित हुआ जिसमें महिलाओं ने पूरे उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं यूनिट अध्यक्ष सुजाता सिंह ने बताया कि संस्था की महिलाएं सालभर आर्थिक रूप से कमजोर जरूरतमंदों की सहायता करती रहती हैं। इसी कड़ी में इस वर्ष सावन महोत्सव के अवसर पर एक व्हीलचेयर खरीदी गई है जिसे ऐसे जरूरतमंद को दिया जाएगा जो ना आरक्षण के दायरे में आते हैं ना संकोचवश किसी से सहायता मांग पाते हैं और मजबूरी में बिस्तर पर पड़े जीवन काट रहे हैं। सुजाता सिंह ने कहा कि सरकार और अमीर लोग आरक्षित वर्ग की मदद कर देते हैं लेकिन संकोची मध्यमवर्गीय असहाय लोगों के लिए कोई आगे नहीं आता हमारा प्रयास ऐसे लोगों तक सहारा पहुंचाने का है। इस मौके पर संध्या सिंह, संगीता सिंह, डॉ. रीना सिंह, सुषमा सिंह, प्रतिभा सिंह, विद्या सिंह, आरती सिंह और आशा सिंह समेत कई महिला सदस्याएं उपस्थित थीं। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सभी महिलाओं का आभार जताया।