जेएलकेएम जिलाध्यक्ष पर सर्पदंश पीड़िता से मुआवजा राशि में अवैध वसूली का आरोप, संगठन के भीतर बढ़ा विवाद
गरीब परिवार को न्याय दिलाना गुनाह नहीं : गोपाल चंद्र महतो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठाए गंभीर सवाल

गम्हरिया : प्रखंड के कांड्रा निवासी संगीता दास ने एक गंभीर मामला सामने लाकर सामाजिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। संगीता दास के पुत्र अंश दास की पिछले वर्ष सर्पदंश से मृत्यु हो गई थी जिसके बाद उन्हें सरकार से 4 लाख रुपये की सहायता राशि मिली थी। अब उन्होंने झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के जिला अध्यक्ष दीपक महतो पर एक लाख रुपये की कथित अवैध वसूली और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार सहायता दिलाने के नाम पर उनसे जबरन एसबीआई बैंक का चेक भी ले लिया गया और लगातार दबाव बनाया गया। आरोप है कि रात में घर पहुंचकर धमकाया गया कि पैसे नहीं देने पर मुआवजा राशि वापस करवा दी जाएगी। संगीता दास ने कहा कि यह राशि उनके छोटे बेटे के भविष्य और पढ़ाई के लिए सुरक्षित रखी जानी चाहिए। इस मामले में 21 अप्रैल 2026 को उन्होंने पूर्व विधानसभा प्रत्याशी प्रेम मार्डी को लिखित शिकायत देकर न्याय की मांग की। इसी बीच गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष रहे गोपाल चंद्र महतो को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि एक पीड़ित महिला के साथ अवैध वसूली हो रही थी जिसे रोकने का प्रयास मैंने किया। गरीब परिवार को न्याय दिलाना गुनाह नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सच्चाई सामने न आए इसलिए उन्हें साजिश के तहत हटाया गया। इस मामले को लेकर संगठन के भीतर भी विरोध तेज हो गया है।