ताज़ा-ख़बर

मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक बयान पर झामुमो ने जताई नाराजगी, योगेंद्र प्रसाद से माफी की मांग

रिपोर्ट: MANISH 1 घंटे पहलेराजनीति

गठबंधन सरकार की मर्यादा का दिया हवाला, झामुमो जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस नेतृत्व से कार्रवाई का किया आग्रह

मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक बयान पर झामुमो ने जताई नाराजगी, योगेंद्र प्रसाद से माफी की मांग

सरायकेला : पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता योगेंद्र प्रसाद द्वारा झारखंड के मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक एवं असम्मानजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमिटी ने कड़ी आपत्ति जताई है। इसको लेकर सरायकेला-खरसावां जिला परिसदन (सर्किट हाउस) में झामुमो की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो के अलावा सरायकेला नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, कृष्णा राणा एवं अमिताभ मुखर्जी मौजूद रहे। झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री का पद किसी व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं है बल्कि यह राज्य की संवैधानिक व्यवस्था, लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनता के जनादेश से जुड़ा महत्वपूर्ण पद है। ऐसे पद पर आसीन व्यक्ति के प्रति सार्वजनिक रूप से अपमानजनक भाषा का प्रयोग उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार या मुख्यमंत्री के किसी निर्णय अथवा व्यवस्था से असहमति होने पर लोकतांत्रिक और संवैधानिक मंचों पर अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है। आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय का रास्ता भी उपलब्ध है लेकिन असहमति के नाम पर मुख्यमंत्री के प्रति कथित रूप से अपशब्दों का प्रयोग लोकतांत्रिक संवाद की गरिमा के अनुरूप नहीं है। डॉ. महतो ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति से भाषा और आचरण में मर्यादा की अपेक्षा की जाती है। राजनीतिक या व्यक्तिगत मतभेदों को अमर्यादित भाषा तक ले जाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि झामुमो जिला कमिटी कथित टिप्पणी का विरोध दर्ज कराती है। झामुमो जिलाध्यक्ष ने गठबंधन सरकार का हवाला देते हुए कहा कि झामुमो और कांग्रेस गठबंधन की सरकार चला रहे हैं। ऐसे में गठबंधन के एक घटक दल से जुड़े नेता द्वारा मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित टिप्पणी किया जाना गंभीर और असंतोषजनक विषय है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो से मामले का संज्ञान लेकर पार्टी स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की। साथ ही योगेंद्र प्रसाद से कथित बयान वापस लेने और मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का आग्रह किया। डॉ. महतो ने कहा कि झामुमो जिला कमिटी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध कानूनी विकल्पों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने गठबंधन सहयोगियों के बीच आपसी सम्मान, समन्वय और सार्वजनिक मर्यादा बनाए रखने की अपेक्षा भी जताई।

इन्हें भी पढ़ें.