आदित्यपुर में झामुमो कार्यकर्ता सम्मेलन, नगर एवं गम्हरिया प्रखंड कमेटी गठन पर हुई चर्चा, केंद्रीय कमेटी लेगी अंतिम निर्णय
सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं की दावेदारी को सूचीबद्ध कर केंद्रीय कमेटी को भेजा जाएगा।

आदित्यपुर : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सरायकेला-खरसावां जिला कमेटी के तहत आदित्यपुर नगर एवं गम्हरिया प्रखंड कमेटी के गठन को लेकर शुक्रवार को आदित्यपुर स्थित एसिया भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और प्रखंड कमेटी में शामिल होने के लिए अपनी दावेदारी पेश की। गहमागहमी के बीच कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो, सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली, केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, कृष्ण बास्के समेत अन्य नेताओं के समक्ष अपनी दावेदारी रखी। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं की दावेदारी को सूचीबद्ध कर केंद्रीय कमेटी को भेजा जाएगा। अंतिम निर्णय केंद्रीय कमेटी द्वारा लिया जाएगा और उसके बाद आदित्यपुर नगर एवं गम्हरिया प्रखंड कमेटी का आधिकारिक गठन किया जाएगा। कार्यकर्ता सम्मेलन में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। झामुमो नेताओं ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए रणनीति पर चर्चा की।