अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ कपाली पुलिस की कार्रवाई, बिना नंबर प्लेट की चोरी की बाइक बरामद
ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार की अगुवाई में अभियान, सीतारामडेरा क्षेत्र से चोरी हुई थी बाइक

चांडिल : कपाली ओपी क्षेत्र में अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में 8 मार्च 2026 की शाम से देर रात तक चलाए गए विशेष अभियान में धिरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस के अनुसार यह मोटरसाइकिल अलबेला गार्डन के पास संदिग्ध स्थिति में खड़ी मिली। वाहन की जांच करने पर उस पर कोई नंबर प्लेट नहीं पाया गया जिसके बाद पुलिस ने उसे जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि बरामद मोटरसाइकिल सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से पहले चोरी की गई थी। फिलहाल पुलिस वाहन के असली मालिक से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अपराध और अड्डेबाजी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और वाहन मालिक की पहचान होने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।