कपाली पुलिस का सख्त अभियान जारी, अड्डेबाजी के खिलाफ लगातार कार्रवाई
साततल्ला मैदान और स्कूल परिसर से दो बाइक जब्त, ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने दी जानकारी

चांडिल : कपाली ओपी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने और अड्डेबाजी पर रोक लगाने के उद्देश्य से कपाली ओपी पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 02 अप्रैल 2026 को विशेष कार्रवाई करते हुए पुलिस ने साततल्ला मैदान और काशीपुर स्कूल परिसर में छापेमारी की। अभियान के दौरान संदिग्ध रूप से खड़ी दो मोटरसाइकिलों को जब्त कर कपाली ओपी लाया गया। पुलिस ने बताया कि इन वाहनों के कागजात की जांच की जा रही है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें अभियोजन हेतु न्यायालय भेजा जाएगा। कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने कहा कि क्षेत्र में अड्डेबाजी, असामाजिक गतिविधियों और संदिग्ध जमावड़े को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि आम लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और कानून का पालन करें। पुलिस की इस सक्रियता से स्थानीय लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।