ताज़ा-ख़बर

चैनपुर में खाकी फिर दागदार, पदभार संभालने के 4 दिन बाद ही घूसखोर थानेदार गिरफ्तार

रिपोर्ट: शनिरंजन 17 दिन पहलेझारखण्ड

पीड़ित ने बताया कि वह एक गरीब आदमी है लेकिन पुलिस वाले उसे लगातार परेशान कर रहे थे।

चैनपुर में खाकी फिर दागदार, पदभार संभालने के 4 दिन बाद ही घूसखोर थानेदार गिरफ्तार

चैनपुर: चैनपुर थाना प्रभारी की कुर्सी संभालने के महज 96 घंटे के भीतर ही थानेदार शैलेश कुमार को एसीबी (ACB) की टीम ने 30,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को ही उन्होंने चैनपुर के 22वें थानेदार के रूप में पदभार ग्रहण किया था लेकिन बुधवार दोपहर उनके भ्रष्टाचार का खेल खत्म हो गया।

आरोप है कि थानेदार शैलेश कुमार और पूर्व प्रभारी अशोक कुमार पीड़ित जयपाल नायक से निजी घर के लिए ईंट पकाने के एवज में अवैध वसूली का दबाव बना रहे थे। पीड़ित ने बताया कि वह एक गरीब आदमी है लेकिन पुलिस वाले उसे लगातार परेशान कर रहे थे।

थक-हारकर उसने एसीबी रांची का दरवाजा खटखटाया। बुधवार दोपहर 2:05 बजे एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और थानेदार को रिश्वत के पैसों के साथ ऑन द स्पॉट दबोच लिया। टीम ने 15 मिनट तक उनके आवास की तलाशी ली और 3:10 बजे उन्हें अपने साथ रांची ले गई। इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

इन्हें भी पढ़ें.