खेलो झारखंड में सिमडेगा और हजारीबाग का दबदबा, एथलेटिक्स और हॉकी प्रतियोगिताओं का समापन
एथलेटिक्स में हजारीबाग-लातेहार और हॉकी में सिमडेगा बना चैंपियन

रांची। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से खेलगांव अभ्यास मैदान और मोरहाबादी हॉकी मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय खेलो झारखंड 2026-27 के तहत दो दिवसीय अंडर-17 एथलेटिक्स और हॉकी प्रतियोगिताओं का समापन हुआ। एथलेटिक्स के बालिका वर्ग में हजारीबाग और बालक वर्ग में लातेहार ने प्रथम स्थान हासिल किया। हॉकी के बालक और बालिका दोनों वर्गों में सिमडेगा विजेता बना।
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि खेलो झारखंड का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं है, बल्कि विभिन्न जिलों में छिपी स्कूली खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर मंच, प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को उत्साहजनक बताया।
अंडर-17 एथलेटिक्स के बालिका वर्ग में हजारीबाग प्रथम, रांची द्वितीय और पश्चिमी सिंहभूम तृतीय स्थान पर रहा। वहीं, बालक वर्ग में लातेहार ने प्रथम, साहिबगंज ने द्वितीय और खूंटी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
हॉकी के बालिका वर्ग में सिमडेगा विजेता, रांची उपविजेता और हजारीबाग तीसरे स्थान पर रहा। व्यक्तिगत पुरस्कारों में सिमडेगा की बर्टिला केरकेट्टा को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, संदीपा कुमारी को टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और रांची की प्रीती बारला को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार दिया गया।
हॉकी के बालक वर्ग में सिमडेगा प्रथम, खूंटी द्वितीय और गुमला तृतीय स्थान पर रहा। हजारीबाग के रितेश टोपनो को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, सिमडेगा के अनुकेत केरकेट्टा को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और ऋषभ कुल्लू को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार मिला।
प्रतियोगिता के समापन पर सभी विजेता और उपविजेता जिलों की चैंपियन टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग, झारखंड राज्य एथलेटिक्स संघ के महासचिव शिवकुमार पांडेय, हॉकी संघ के विजय शंकर सिंह और रजनीश कुमार ने प्रदान किए।