ताज़ा-ख़बर

खूंटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 330 किलो डोडा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेअपराध

49 लाख से अधिक की अफीम बरामद, लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप

खूंटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 330 किलो डोडा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

रांची : खूंटी जिले में पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अड़की थाना क्षेत्र के ग्राम नौढ़ी, बाबूटोली में छापेमारी कर भारी मात्रा में अफीम (डोडा) बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो को गुप्त सूचना मिली थी कि अंकित हजाम और लालू हजाम के घर में बड़े पैमाने पर डोडा छिपाकर रखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। गुरुवार को पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर घर की घेराबंदी की और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान मौके पर मौजूद युवक अंकित हजाम उर्फ साजू ठाकुर (28) ने पूछताछ में अपने भाई लालू हजाम (31) के साथ मिलकर अवैध कारोबार करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घर से 21 बोरों में कुल 330.21 किलोग्राम अफीम (डोडा) बरामद किया जिसकी अनुमानित कीमत करीब 49.53 लाख रुपये बताई गई है। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दूसरे आरोपी लालू हजाम को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ अड़की थाना में कांड संख्या 07/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट 1985 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी टीम में सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार, कुंदन कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही पुलिस ने 37 लाख रुपये मूल्य की अफीम बरामद कर चार आरोपितों को जेल भेजा था। लगातार हो रही कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।

इन्हें भी पढ़ें.