कोल्हान आयुक्त ने सरायकेला में विकास योजनाओं की समीक्षा की, लंबित कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश
दुर्गापूजा पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, आदित्यपुर में जाम से निपटने के लिए यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर

सरायकेला : कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने सरायकेला स्थित उपायुक्त कार्यालय में जिले के वरीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में राजस्व संग्रह, विकास योजनाओं, मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) और आगामी दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक के बाद आयुक्त ने पत्रकारों को समीक्षा के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी। आयुक्त ने बताया कि जिले में राजस्व संग्रह की स्थिति संतोषजनक है। कर दरों में 28 प्रतिशत से 18 प्रतिशत तक हुए बदलाव के प्रभाव की संबंधित विभागों के साथ समीक्षा की गई है। उन्होंने उपायुक्त को राजस्व संग्रह के निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने लंबे समय से लंबित योजनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने उपायुक्त और उप विकास आयुक्त को व्यक्तिगत स्तर पर योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर आयुक्त ने नए मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जिला निर्वाचन पदाधिकारी को सबसे कम पंजीकरण वाले 10 मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें। बूथ स्तर पर बीएलओ और बीएलए की बैठकों की भी समीक्षा की गई। आगामी दुर्गापूजा के मद्देनजर आयुक्त ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है। रात में पंडालों में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और लोगों के घरों की निगरानी के लिए विशेष गश्ती, क्यूआरटी की तैनाती तथा पुलिस बल की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। आदित्यपुर में जाम की समस्या दूर करने के लिए यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया। खरसावां के 500 बेड वाले अस्पताल के संबंध में आयुक्त ने कहा कि अभिलेखों और पूरे मामले की समीक्षा करने के बाद ही इस पर स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।