राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक में कोलकाता पब्लिक स्कूल के छात्र अर्थव गुप्ता का जलवा, स्वर्ण और रजत जीतकर बढ़ाया मान
12 साल के अर्थव ने दिखाया कमाल, शानदार प्रदर्शन से अपने कोलकाता पब्लिक स्कूल और झारखंड राज्य को किया गौरवान्वित

रांची : मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में 27 से 29 मार्च 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता-2026 में कलकत्ता पब्लिक स्कूल, औरमांझी के छात्र अर्थव गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। महज 12 वर्ष की उम्र में कक्षा 6 के छात्र अर्थव ने एरोबिक जिम्नास्टिक ट्रियो प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं व्यक्तिगत स्पर्धा में भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि ने न केवल उनके विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। अर्थव पिछले दो वर्षों से लगातार कठिन अभ्यास कर रहे हैं। उनके प्रदर्शन के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन अहम रहा है। विद्यालय के पी.ए.सी.एच.ई. शिक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में उन्होंने तकनीक, संतुलन और लय में निरंतर सुधार किया जिसका परिणाम इस प्रतियोगिता में स्पष्ट रूप से देखने को मिला। जिम्नास्टिक जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में संतुलन, लचीलापन, तालमेल और शारीरिक नियंत्रण अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। अर्थव ने इन सभी पहलुओं पर अपनी मजबूत पकड़ दिखाते हुए मंच पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उनके प्रदर्शन को दर्शकों और खेल प्रेमियों ने खूब सराहा। कई लोगों ने कहा कि इतनी कम उम्र में इस स्तर का प्रदर्शन बेहद प्रेरणादायक है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अर्थव इसी तरह समर्पण और मेहनत जारी रखते हैं तो वह भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उपाध्यक्ष प्रभाष कुमार झा, प्राचार्या प्रियमदा झा, निदेशक मिथिलेश कुमार मिश्रा और शैक्षणिक सलाहकार टी.पी. झा सहित सभी शिक्षकों ने अर्थव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय परिवार ने इसे अपने लिए गर्व का क्षण बताया है।