झारखंड प्रहरी के ब्यूरो प्रमुख और वरिष्ठ पत्रकार रौशन शाहदेव के पिता जी और हेसापीढ़ी के पूर्व मुखिया, समाजसेवी लाल कृष्ण कुमार शाहदेव का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
लोहरदगा जिला पत्रकार परिवार मर्माहत है। क्षत्रिय समाज में शोक का सन्नाटा पसर गया है।

लोहरदगा : लोहरदगा के हेसापीढ़ी निवासी और पंचायत के पूर्व मुखिया, समाजसेवी और जिले के बेहद लोकप्रिय शख्सियत लाल कृष्ण कुमार नाथ शाहदेध उर्फ नुनू लाल का आज अपराह्न हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वह लोहरदगा जिले के वरिष्ठ पत्रकार रौशन शाहदेव के पिता और बॉलीवुड फिल्मकार लाल विजय शाहदेव के बड़े भाई थे।
नुनू लाल समाज के हर वर्ग के सुख-दुख में हमेशा तत्पर साथ रहते थे और जरूरतमंदों की हमेशा मदद के लिए जाने जाते थे। खासकर किस्को और पेशरार प्रखंड क्षेत्र में हर गांव के एक-एक परिवार का व्यक्ति उन्हें उनकी इस खासियत की वजह से जानता था।
कई सालों तक जब क्षेत्र में आवागमन का साधन नहीं था, पुल नहीं बना था, सड़क नहीं थी, गाड़ियां नहीं थी। उस समय बीमार और आपात समस्या झेल रहे लोगों को अपनी गाड़ी में वह मुफ्त अस्पताल पहुंचाया करते थे। आर्थिक मदद दिया करते थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। हर जाति वर्ग के लोगों के बीच उनका बहुत सम्मान था।
लोहरदगा जिला पत्रकार परिवार मर्माहत है। क्षत्रिय समाज में शोक का सन्नाटा पसर गया है। लोगों का कहना है कि लाल कृष्ण कुमार नाथ शाहदेव जैसा व्यक्तित्व बिरले ही मिलते हैं। जो हमेशा दूसरों के दुख परेशानी को अपना समझ कर मदद के लिए आगे आते रहे। बेटहट, हेसापीढ़ी, लावागांई, पतगच्छा, जोरी, ब्राह्मणडीहा, आनंदपुर सहित आसपास के गांवों में लोग शोक में डूब गए हैं।