ताज़ा-ख़बर

लातेहार पुलिस की बड़ी कामयाबी, 5 लाख के इनामी नक्सली शिवा समेत JJMP के दो उग्रवादी गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk55 मिनट पहलेझारखण्ड

धनकारा मोड़ पर पुलिस का सटीक ऑपरेशन, कई नक्सली घटनाओं में शामिल सब जोनल कमांडर दबोचा गया

लातेहार पुलिस की बड़ी कामयाबी, 5 लाख के इनामी नक्सली शिवा समेत JJMP के दो उग्रवादी गिरफ्तार

लातेहार : पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी (JJMP) के सक्रिय सब जोनल कमांडर और पांच लाख रुपये के इनामी नक्सली शिव नारायण सिंह उर्फ शिवा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ संगठन के एरिया कमांडर सुकुलदेव उराँव को भी दबोचा गया है। दोनों की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार नक्सली शिव नारायण सिंह उर्फ शिव सिंह उर्फ शिव जी उर्फ शिवा उर्फ कैला (27 वर्ष) लातेहार थाना क्षेत्र का रहने वाला है और लंबे समय से अपने दस्ते के साथ जिले में सक्रिय था। उस पर लातेहार, चतरा और रांची जिले में हत्या, रंगदारी, धमकी, उग्रवादी गतिविधियों और पुलिस विरोधी घटनाओं सहित कुल 24 मामले दर्ज हैं। राज्य सरकार ने उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। जानकारी के मुताबिक लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि शिवा धनकारा मोड़ की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर लातेहार थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धनकारा मोड़ के समीप घेराबंदी कर शिवा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में शिवा ने कई नक्सली घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जेजेएमपी के एरिया कमांडर सुकुलदेव उराँव को भी उसके घर सेमरियाटांड़, तुपुखुर्द से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सुकुलदेव उराँव के खिलाफ भी लातेहार जिले में दो मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों उग्रवादियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर संगठन से जुड़े अन्य सदस्यों, हथियारों के नेटवर्क और उग्रवादी गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा रही हैं। इसके साथ ही संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है। लातेहार पुलिस का कहना है कि जिले में उग्रवाद और आपराधिक गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस और सुरक्षा बल क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।

इन्हें भी पढ़ें.