लातेहार पुलिस बनी पलामू क्षेत्रीय शूटिंग प्रतियोगिता की ओवरऑल चैंपियन
प्रतियोगिता में लातेहार पुलिस के जवानों ने निशानेबाजी में उत्कृष्ट कौशल का प्रदर्शन करते हुए कुल 14 पदक जीते।

लातेहार। पलामू जिले के लेस्लीगंज फायरिंग बट में 20 एवं 21 अगस्त 2026 को आयोजित दो दिवसीय ‘पलामू क्षेत्रीय पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता-2026’ में लातेहार पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। लातेहार पुलिस की टीम ने कुल 1110 अंक अर्जित कर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में लातेहार पुलिस के जवानों ने निशानेबाजी में उत्कृष्ट कौशल का प्रदर्शन करते हुए कुल 14 पदक जीते। इनमें छह स्वर्ण, दो रजत एवं छह कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता में पलामू रेंज के तीनों जिलों पलामू, गढ़वा एवं लातेहार की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया।प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुलिस अधीक्षक, पलामू द्वारा पुरस्कृत किया गया। लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने टीम की इस शानदार उपलब्धि पर सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पुलिसकर्मियों के अनुशासन, मेहनत और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का परिणाम है।