ताज़ा-ख़बर

लातेहार पुलिस ने सुलझाई पूर्व सीआरपीएफ जवान हत्या की गुत्थी, दो आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेअपराध

आम से भरी पिकअप लूटने के लिए रची गई थी साजिश, नशा पिलाकर की गई हत्या : डीएसपी

लातेहार पुलिस ने सुलझाई पूर्व सीआरपीएफ जवान हत्या की गुत्थी, दो आरोपी गिरफ्तार

लातेहार : जिले के बरियातू थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह पुलिया के नीचे मिले शव मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान ओडिशा निवासी एवं पूर्व सीआरपीएफ जवान शेख सदाकत अली के रूप में हुई है। मामले का खुलासा शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी विनोद रवानी ने किया। डीएसपी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व बरियातू थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव स्थित पुलिया के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। पुलिस जांच में मृतक की पहचान ओडिशा के पुरी निवासी शेख सदाकत अली के रूप में हुई, जो पहले सीआरपीएफ में कार्यरत थे। स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद वह फल व्यवसाय से जुड़े हुए थे और पिकअप वाहन से आम लेकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश जा रहे थे। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लोहरदगा में मृतक की मुलाकात इकबाल अंसारी और अवध कुमार साहू से हुई थी। दोनों आरोपितों ने आम से भरी पिकअप गाड़ी लूटने की नीयत से साजिश रची। आरोप है कि दोनों ने पहले सदाकत अली को नशापान कराया और बाद में गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपितों ने मृतक के दोनों हाथ बांध दिए तथा हाथ की नस काटकर शव को बरियातू थाना क्षेत्र के नावाडीह पुलिया के नीचे फेंक दिया। डीएसपी विनोद रवानी ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लोहरदगा निवासी इकबाल अंसारी और अवध कुमार साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस घटना के खुलासे के बाद पुलिस ने दावा किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

इन्हें भी पढ़ें.