ताज़ा-ख़बर

तेज बारिश के बीच वज्रपात का कहर, महिला की हुई मौत, पांच घायल, दो रेफर

रिपोर्ट: Shailendra Tiwary22 घंटे पहलेझारखण्ड

अनुमंडल क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई दो घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई। पांच लोग घायल हो गए।

तेज बारिश के बीच वज्रपात का कहर, महिला की हुई मौत, पांच घायल, दो रेफर

हुसैनाबाद (पलामू) : हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में मंगलवार दोपहर तेज बारिश के दौरान हुए वज्रपात ने कहर बरपा दिया है। अनुमंडल क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई दो घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई। पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पहली घटना मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के गाजी बिहरा गांव की है। जानकारी के अनुसार खेत में धान रोपनी कर रही महिलाओं के पास अचानक वज्रपात हो गया। इसकी चपेट में आने से 38 वर्षीया पुष्पा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। 28 वर्षीया कविता देवी व 65 वर्षीया पार्वती देवी दोनों गाजी बिहरा गांव निवासी, घायल हो गईं। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया गया।

दूसरी घटना हैदरनगर थाना क्षेत्र के बिलासपुर के समीप हुई। बताया गया कि 45 वर्षीय सीताराम पासवान खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान बारिश शुरू होने पर पास में भेड़ चरा रहे रघुनाथ पाल भी नजदीक स्थित पीपल के पेड़ के नीचे शरण लेने पहुंचे। तभी तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ। दोनों इसकी चपेट में आ गए। घटना में सरगड़ा निवासी 24 वर्षीय पिंटू पाल भी घायल हो गए। इन्हें बाद में इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सीताराम पासवान व रघुनाथ पाल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

इन्हें भी पढ़ें.