दामोदर नदी में बड़ा हादसा, घर से बिना बताए नहाने गए तीन स्कूली बच्चे डूबे, दो लापता
एक बच्चे को स्थानीय लोगों ने बचाया, प्रशासन ने पतरातु डैम का फाटक बंद कर शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर से निकलकर दामोदर नदी में नहाने गए तीन स्कूली बच्चे नदी के तेज बहाव में डूब गए। घटना के दौरान आसपास काम कर रहे स्थानीय मजदूरों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जबकि दो बच्चे नदी की धारा में बह गए और फिलहाल लापता हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है। जानकारी के अनुसार तीनों बच्चे रामगढ़ शहर के बिजुलिया किसान नगर क्षेत्र के रहने वाले थे और सुभाष चौक से दामोदर नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक नदी की तेज धारा में फंसकर तीनों बच्चे डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर सुनकर तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं दो लापता बच्चों की पहचान 13 वर्षीय प्रिंस कुमार और 12 वर्षीय वैभव कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंच गई। बच्चों की तलाश में लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। रामगढ़ अंचलाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि दामोदर नदी का जलस्तर कम करने के लिए पतरातु डैम का फाटक बंद करने का आदेश दिया गया है ताकि सर्च ऑपरेशन में आसानी हो सके। उन्होंने कहा कि पतरातु से गोताखोरों की टीम भी रवाना हो चुकी है और कई घंटों से बच्चों की तलाश जारी है। मांडू की अंचलाधिकारी तृप्ति विजया कुजूर ने बताया कि प्रशासन सुबह से ही मौके पर मौजूद है और हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उधर लापता बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग नदी किनारे बच्चों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद में डटे हुए हैं। तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।