केचकी रेलवे ओवरब्रिज पर बड़ा हादसा, पलामू एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला की मौत
औरंगा नदी पुल पार कर रहीं दो महिलाएं ट्रेन से टकराईं, एक की मौत, दूसरी गंभीर रूप से घायल

लातेहार : जिले के बरवाडीह रेल क्षेत्र अंतर्गत केचकी रेलवे ओवरब्रिज स्थित औरंगा नदी पुल पर बुधवार सुबह दर्दनाक रेल हादसा हो गया। डाउन पलामू एक्सप्रेस की चपेट में आने से दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी महिला के दोनों पैर कट जाने से उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों महिलाएं रेलवे पुल पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही डाउन पलामू एक्सप्रेस अचानक वहां पहुंच गई। ट्रेन की गति काफी अधिक होने के कारण महिलाएं संभल नहीं सकीं और उसकी चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद मृत महिला का शव पुल के बीच फंस गया जिससे कुछ देर तक घटनास्थल पर दहशत और अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल भेजा गया जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं पुलिस मृत महिला की पहचान कराने में जुटी हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे पुल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि रेलवे पुलों और ट्रैक के आसपास सुरक्षा संबंधी पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आती हैं। फिलहाल रेलवे पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
लातेहार से संतोष कुमार की रिपोर्ट