सीनी ओपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशा करने वालों के अड्डों पर चला सघन अभियान
ओपी प्रभारी विनय कुमार बोले- नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, किसी को नहीं मिलेगी छूट

सीनी : सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विभिन्न गांवों, शहरी क्षेत्रों तथा जंगल-झाड़ियों में संचालित नशा करने वाले अड्डों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार ने किया। इस दौरान पुलिस टीम ने कई संदिग्ध स्थानों की गहन जांच की और लोगों को नशे से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस को लगातार ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि कुछ स्थानों पर नशा करने वालों का जमावड़ा लगता है जिसके बाद इन जगहों पर छापेमारी की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार और नशाखोरी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस आगे भी नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाती रहेगी। साथ ही उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी नशे का कारोबार या नशा करने वालों की गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनसहयोग भी बेहद जरूरी है और इसी उद्देश्य से जागरूकता अभियान भी लगातार चलाया जाएगा।