बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, आदित्यपुर में चार नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू
होटल और वॉशिंग सेंटर पर संयुक्त छापेमारी, संचालकों को चेतावनी के साथ कानूनी कार्रवाई की तैयारी

आदित्यपुर : राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग (भारत सरकार) के निर्देश पर बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। श्रम विभाग, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), चाइल्ड हेल्पलाइन, आरआईटी थाना तथा युवा संस्था की संयुक्त टीम ने होटल और वॉशिंग सेंटरों में जांच कर चार नाबालिग बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया। अभियान के दौरान एनआईटी रोड स्थित रोहित स्वीट्स से दो नाबालिग बच्चों तथा अंबेडकर चौक के समीप एक वॉशिंग सेंटर से दो अन्य नाबालिगों को रेस्क्यू किया गया। सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कानूनी कार्रवाई के लिए आवश्यक विवरण एकत्र किया गया। बाल कल्याण समिति के सदस्य सैयद अयाज़ हैदर ने कहा कि किसी भी प्रतिष्ठान में बाल श्रम अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से किसी भी प्रकार का कार्य कराना कानूनन अपराध है। साथ ही दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को नाबालिगों को रोजगार नहीं देने तथा इस संबंध में सूचना बोर्ड प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया। छापेमारी अभियान में श्रम विभाग की एलईओ रूबी कुमारी, चाइल्ड हेल्पलाइन की को-ऑर्डिनेटर कविता मिश्रा, युवा संस्था के मुकेश कुमार पांडेय, समीर कुमार महतो, सुखरंजन कुमार, बिट्टू प्रजापति तथा आरआईटी थाना की पुलिस टीम सक्रिय रूप से शामिल रही। अधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम उन्मूलन के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।