ताज़ा-ख़बर

अहिल्यापुर प्रोजेक्ट हाई स्कूल के भवन निर्माण में बड़ी अनियमितता

रिपोर्ट: VBN News Desk12 घंटे पहलेझारखण्ड

25MM की जगह 12MM सरिया, घटिया सामग्री से तैयार हो रहा भवन, बारिश में टपक रही छत, DEO से जांच की मांग

अहिल्यापुर प्रोजेक्ट हाई स्कूल के भवन निर्माण में बड़ी अनियमितता

गिरिडीह: अहिल्यापुर पंचायत स्थित प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय के नवनिर्मित भवन में घटिया सामग्री के प्रयोग का गंभीर आरोप लगा है। ग्रामीणों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, गिरिडीह को लिखित शिकायत देकर मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि भवन के बीम और पिलर में मानक के अनुसार 25MM सरिया लगनी थी, लेकिन ठेकेदार ने 12MM सरिया लगा दी। छत की ढलाई में भी 8MM के स्थान पर कहीं-कहीं 12MM सरिया का उपयोग किया गया। साथ ही निर्माण में इस्तेमाल हो रही बालू, गिट्टी और सीमेंट की गुणवत्ता भी बेहद खराब है।

शिकायत में कहा गया है कि प्रथम तल की ढलाई के बाद ही कई कमरों की छत से पानी रिसने लगा है। 9 अगस्त 2026 को दूसरे तल की ढलाई के लिए मिट्टीयुक्त बालू, पत्थर चूर्ण और 3-4MM की गिट्टी लाई गई थी, जिसका ग्रामीणों ने विरोध कर काम रुकवा दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली शिकायत नहीं है। इससे पहले 5 जून 2026 को उपायुक्त को आवेदन दिया गया था। तब प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट जीवन टुडू ने जांच की थी, लेकिन रिपोर्ट आज तक नहीं सौंपी गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया गया तो भवन भविष्य में ध्वस्त हो सकता है, जिससे हजारों बच्चों की जान खतरे में पड़ेगी। SMC अध्यक्ष किरण कुमारी सहित दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर वाले आवेदन की प्रति शिक्षा मंत्री, डीसी गिरिडीह, गांडेय विधायिका और विभागीय JE को भी भेजी गई है।

इन्हें भी पढ़ें.