पलामू के छतरपुर में घटी बड़ी घटना, आहर में डुबोकर दो मासूमों की हत्या का आरोप
पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के चोड़ार में आहर में मिला दो मासूमों का शव, हत्या का आरोप

छतरपुर (पलामू) : पलामू जिले के छतरपुर थाना अंतर्गत बगैया पंचायत के चोड़ार गांव में एक सनसनीखेज घटना घटी है।आहर में दो सगे मासूम भाईयों के शव पाए गए हैं। घटना लगभग शाम के 6 बजे शाम की बताई जाती है। ग्रामीणों की मदद से पंचायत भवन के नजदीक स्थित आहार में खोजबीन शुरू हुई व शव को बाहर निकाला गया। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
आरोप है कि गांव के ही नरेश रजक का पुत्र धान में पटवन का पानी पहले ले जाने को लेकर मासूम 11वर्षीय आयुष कुमार व 9 वर्षीय पियुष कुमार के चाचा रविशंकर व अन्य परिजनों के साथ दिन में खेत-क्यारियों के पास बहस किया था। साथ ही 12 घंटे के अंदर अंजाम भुगतने की धमकी भी दिया था। बताया जाता है कि मासूम के महिला व पुरुष परिजन धान खेत में धान रोपने व खेत तैयार करने के लिए गए थे।
सभी परिजन शाम को लगभग 6 बजे वापस घर लौटे तो पाया कि दोनों बच्चे घर पर नहीं हैं। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने नरेश रजक के पुत्र की दिन में दी गई धमकी से बच्चे के लापता होने को जोड़ा तो सभी परिजन व्याकुल हो कर इधर-उधर खोजने लगे। जब गांव के किसी क्षेत्र में बच्चे नहीं मिले तो एक बच्चे द्वारा बताए जाने पर कि आहर के पास दो चार बच्चों ने दोनों भाईयों को आहर में धक्का दिया है।
लगभग 15 की संख्या में ग्रामीण युवा आहर में खोजबीन शुरू की। अंतिम क्षण में किसी के पैर में उन बच्चों के पानी के नीचे होने का एहसास हुआ। इस तरह बच्चों का शव आहर से बाहर निकाला गया।
बताते चलें कि मासूम भाईयों की सगी मां भी इस दुनिया में नहीं है। पिता उमाशंकर राम हैदराबाद में मजदूरी करने गया है। बच्चे सौतेली मां व चाचा-चाची के साथ रहते थे। इधर मासूम के चाचा रविशंकर -चाची व सौतेली मां सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर हाल खराब है।