चैनपुर गोलीकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नौ आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ में सभी आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

मेदिनीनगर/चैनपुर: पलामू पुलिस ने चैनपुर थाना क्षेत्र के बन्दुआ गांव नाबालिक लड़की को छेड़छाड़ के मामले को लेकर 29 जुलाई को हुई गोलीबारी एवं चाकूबाजी की घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में एक व्यक्ति गोली लगने से जबकि दो व्यक्ति चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हुए थे। जिनमें से इलाज के दौरान चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल मकबूल की मृत्यु हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान इसराफ मियां, सरातुल मियां, शहबाज मियां, तबरेज आलम, इसराफिल मियां,सोनू मियां, गोकुल मियां,शेरु मियां और पालु मियां को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
इस मामले में चैनपुर थाना कांड संख्या 175/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, आर्म्स एक्ट तथा बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक 7.65 एमएम की पिस्टल का एक खोखा, दो बेल्ट , खून लगा हुआ एक धारदार चाकू तथा घटना से उठाया गया ब्लड सैंपल जप्त किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से गोकुल मियां के विरुद्ध पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।