रेलवे कॉलोनी में 2.690 किलोग्राम अफीम के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
आरोपितों के पास से कुल 2.690 किलोग्राम अफीम बरामद हुई है।

मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी, डालटनगंज में छापेमारी कर 2.690 किलोग्राम अफीम बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी के विरुद्ध शहर थाना कांड संख्या 280/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर परि० पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय गोप के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मनातू थाना क्षेत्र के नागद गांव निवासी सुरेन्द्र कुमार सिंह (26 वर्ष), मनोज कुमार सिंह (28 वर्ष) तथा जितेन्द्र कुमार यादव (23 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के पास से कुल 2.690 किलोग्राम अफीम बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जितेन्द्र कुमार यादव पिछले दो वर्षों से अफीम की खरीद-बिक्री में संलिप्त था और इस नेटवर्क में मुख्य रूप से लईजिनिंग का कार्य करता था। पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
इस छापेमारी अभियान में परि० पुलिस उपाधीक्षक (मु0) मृत्युंजय गोप , पुलिस निरीक्षक सह शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार , पुलिस अवर निरीक्षक रामधीन प्रसाद, पुलिस अवर निरीक्षक धनश्याम मिश्रा तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।