सरायकेला-खरसावां पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 30 एसआई-एएसआई के तबादले
एसपी निधि द्विवेदी का जिलादेश जारी, आदित्यपुर, सरायकेला, गम्हरिया, कपाली व खरसावां थानों में नई तैनाती

सरायकेला-खरसावां : जिला पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादला आदेश जारी किया है। जिलादेश संख्या 806/2026 के तहत कुल 30 पुलिस पदाधिकारियों (एसआई एवं एएसआई) का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण करते हुए विभिन्न थाना, ओपी एवं शाखाओं में नई पदस्थापना की गई है। जारी आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरित पदाधिकारियों को 28 जून 2026 तक अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही योगदान के बाद अनुपालन प्रतिवेदन पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जमा करना अनिवार्य किया गया है। स्थानांतरण सूची में प्रमुख रूप से विश्वजीत कृष्ण तिवारी, हीरालाल कुमार, विक्रमादित्य पाण्डेय, काशीकांत गोराई, भगवान प्रसाद गौड़, मनोज कुमार मिश्रा समेत कई अधिकारियों को आदित्यपुर थाना, सरायकेला थाना, गम्हरिया थाना, चौका थाना, चांडिल थाना, खरसावां थाना, कपाली ओपी, आमदा ओपी एवं दलभंगा ओपी में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं विनोद दुड़ू को आदित्यपुर थाना से सरायकेला थाना, अरुण कुमार महतो को गम्हरिया थाना से सरायकेला थाना, नन्दनी प्रधान को सरायकेला थाना से खरसावां थाना तथा रोपना राम काशी को गम्हरिया थाना से आमदा ओपी भेजा गया है। इसके अलावा कई पदाधिकारियों को पुलिस केंद्र सरायकेला में प्रतिनियुक्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में संबंधित थाना प्रभारियों एवं ओपी प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी पदाधिकारियों का योगदान सुनिश्चित कराएं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि समय पर योगदान नहीं देने वाले पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध प्रतिवेदन भेजा जाएगा तथा आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस महकमे में हुए इस व्यापक फेरबदल को जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए पदस्थापन के बाद संबंधित थाना क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।