करमा पूजा के दौरान बड़ा हादसा, कोयल नदी में डूबे पांच किशोर
चार की मौत, एक किशोर अब भी लापता; पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान हुआ हादसा

पलामू। करमा पूजा की सामग्री विसर्जन के दौरान पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया पतरिया गांव में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। पूजा सामग्री विसर्जित करने के लिए कोयल नदी में उतरे पांच किशोर डूब गए। हादसे में चार किशोरों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर अभी लापता है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों की मदद से चार किशोरों के शव बरामद कर लिए गए। बताया गया है कि सभी मृतक पतरिया गांव के एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे।
घटना की सूचना मिलने पर चैनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाई और चारों शवों को अस्पताल भेज दिया। वहीं, लापता किशोर की तलाश जारी है।
चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि हादसे में चार किशोरों की मौत हुई है, जबकि एक किशोर अभी लापता है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है और मामले की जांच कर रही है।