ताज़ा-ख़बर

रामगढ़ के स्टील प्लांट में जोरदार ब्लास्ट, तीन इंजीनियरों की मौत

रिपोर्ट: VBN News Desk12 घंटे पहलेझारखण्ड

एक इंजीनियर गंभीर रूप से घायल, हादसे के बाद रामगढ़-पतरातू मार्ग जाम

रामगढ़ के स्टील प्लांट में जोरदार ब्लास्ट, तीन इंजीनियरों की मौत

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र के हेहल स्थित सीमेंट एंड इस्पात पावर प्लांट में शुक्रवार देर रात जोरदार ब्लास्ट हो गया। हादसे में तीन इंजीनियरों की मौत हो गई, जबकि एक इंजीनियर गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बरकाकाना थाना प्रभारी उमाशंकर वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अत्यधिक तापमान के कारण पावर प्लांट के सिस्टम पर दबाव बढ़ गया और प्रोटेक्शन सिस्टम फेल हो गया। इसी दौरान टरबाइन के ओवरस्पीड होने से जोरदार ब्लास्ट हुआ। हादसे में जागेश्वर विहार, बोकारो निवासी विनीत महतो, धनबाद निवासी संजीव केसरी और नगर उटारी, गढ़वा निवासी अभिषेक पांडे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, हजारीबाग जिले के रहने वाले तरुण रवानी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद प्लांट में कार्यरत कर्मचारी अमित कुमार ने प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पावर प्लांट के कंट्रोल रूम में पहले से ही अत्यधिक तापमान का संकेत मिल रहा था। कंट्रोल रूम का एसी खराब होने के कारण वहां काम करना भी मुश्किल हो गया था। कर्मचारियों ने कई बार प्रबंधन को इसकी जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि कूलिंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

हादसे से आक्रोशित लोगों ने शनिवार को रामगढ़-पतरातू मार्ग को जाम कर दिया। लोग मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और हादसे की जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस और प्लांट प्रबंधन आक्रोशित लोगों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।

इन्हें भी पढ़ें.