मेयर प्रत्याशी सकला मार्डी का 13 सूत्री संकल्प पत्र जारी, बुनियादी सुविधाओं पर जोर
राजद नेताओं अर्जुन यादव और सियाराम बैठा बोले - आदित्यपुर में बदलाव और जवाबदेही हमारी प्राथमिकता

आदित्यपुर : नगर निगम चुनाव को लेकर राजद समर्थित मेयर प्रत्याशी सकला मार्डी ने अपना 13 सूत्री संकल्प पत्र जारी किया। इस मौके पर राजद के प्रदेश महासचिव अर्जुन प्रसाद यादव और राजद अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सियाराम बैठा भी मौजूद रहे। प्रेस वार्ता के दौरान नेताओं ने कहा कि संकल्प पत्र आदित्यपुर की जमीनी समस्याओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। संकल्प पत्र में आदित्यपुर-गम्हरिया क्षेत्र में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, औद्योगिक कंपनियों में न्यूनतम मजदूरी तथा ईएसआई-पीएफ का समय पर भुगतान कराने, महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने का वादा किया गया है। इसके अलावा खराब विधि-व्यवस्था पर नियंत्रण, युवाओं के लिए रोजगार सृजन, होल्डिंग टैक्स प्रणाली को सरल बनाने और 24 घंटे बिजली आपूर्ति बहाल करने की प्राथमिकता भी शामिल है। घोषणा पत्र में गम्हरिया बाजार में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण, गम्हरिया प्रखंड परिसर के नीचे मैदान को पार्क के रूप में विकसित करने, सरकारी स्वास्थ्य उपकेंद्रों में दवा व चिकित्सकों की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर जोर दिया गया है। साथ ही आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में एक महिला कॉलेज की स्थापना के लिए सरकार से मांग करने की बात कही गई है। अर्जुन यादव ने कहा कि यह संकल्प पत्र जनता से किया गया वादा है जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। वहीं सियाराम बैठा ने कहा कि सामाजिक न्याय और बुनियादी सुविधाओं की बहाली ही राजद की प्राथमिकता है। उन्होंने मतदाताओं से विकास के एजेंडे पर समर्थन देने की अपील की। इस मौके पर मुख्य रूप से राजद के पुर्व जिला प्रवक्ता सह वन पर्यावरण एवं जलवायु रक्षा समिति प्रवक्ता मुकेश झा, किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर मालाकार, पुर्व जिला अध्यक्ष गाजु साव, श्रमिक प्रकोष्ठ प्रदेश महासचिव राज कुमार यादव, श्याम सुंदर साहु, लक्ष्मी पुर्ति, कुन्ती महतो, अनिता महतो, सुरेश सिन्हा, रामेश्वर सिंह यादव, रामानंद महतो सहित कई बुद्धिजीवी और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।