ताज़ा-ख़बर

मेडिएशन फॉर द नेशन 2.0 के तहत टूटता परिवार फिर जुड़ा

रिपोर्ट: VBN News Desk23 दिन पहलेझारखण्ड

अलग रह रहे पति-पत्नी ने मतभेद भुलाकर साथ रहने का लिया संकल्प

मेडिएशन फॉर द नेशन 2.0 के तहत टूटता परिवार फिर जुड़ा

By Ajay Kumar पाकुड़। नालसा, नई दिल्ली एवं झालसा, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ के तत्वावधान में संचालित “मेडिएशन फॉर द नेशन 2.0” कार्यक्रम के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण सफलता सामने आई है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ दिवाकर पांडे की अध्यक्षता तथा सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में चल रही इस पहल के तहत वर्षों से अलग रह रहे पति-पत्नी ने अपने आपसी मतभेद भुलाकर पुनः साथ रहने का संकल्प लिया।

मामला पाकुड़ व्यवहार न्यायालय स्थित कुटुंब न्यायालय में विचाराधीन मूल भरण-पोषण वाद संख्या 277/2025 (असीमा खातून बनाम मोहिम शेख) से संबंधित है। दंपति की एक आठ माह की पुत्री भी है। कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश रजनीकांत पाठक के अथक प्रयासों एवं प्रभावी मध्यस्थता के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों का समाधान कराया गया।

मध्यस्थता के दौरान दोनों पति-पत्नी ने एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए भविष्य में पारिवारिक जीवन को सौहार्दपूर्ण ढंग से व्यतीत करने, आपसी विवाद से बचने तथा मिल-जुलकर रहने का संकल्प लिया। इस पहल से टूटता परिवार फिर एक हो सका और घर में खुशियां लौट आईं।

इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक ने दंपति को आपसी समझ, धैर्य और संवाद के साथ पारिवारिक जीवन जीने का संदेश दिया। इस सफलता में मेडिएशन फॉर द नेशन 2.0 के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार की भूमिका के साथ-साथ दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं का भी सराहनीय योगदान रहा। मौके पर दंपति के परिजन, अधिवक्ता एवं न्यायालय कर्मी उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़ें.