लोहिया भवन की जमीन पर धूमकुड़िया भवन निर्माण का विरोध
सर्वदलीय समिति ने जताई आपत्ति, कहा– लोहिया भवन प्रखंड की पहचान

मनिका (प्रतिनिधि): मनिका प्रखंड मुख्यालय स्थित लोहिया भवन की जमीन पर धूमकुड़िया भवन के निर्माण को लेकर शुक्रवार को सर्वदलीय समिति के सदस्यों ने विरोध जताया। समिति के लोगों ने कहा कि लोहिया भवन प्रखंड की शान है और यहां बैठक के साथ-साथ मांगलिक कार्यक्रमों एवं विभिन्न सामाजिक आयोजनों का आयोजन होता रहा है।
समिति के सदस्यों का कहना है कि यदि इसी जमीन पर धूमकुड़िया भवन का निर्माण किया जाता है तो लोहिया भवन का अस्तित्व खत्म हो सकता है। इसी को लेकर सर्वदलीय समिति के लोगों ने निर्माण कार्य पर आपत्ति जताते हुए विरोध किया।
सर्वदलीय समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान ने कहा कि स्थानीय विधायक रामचंद्र सिंह के प्रयास से लोहिया भवन की मरम्मत और चारदीवारी का निर्माण कराया गया था। उन्होंने बताया कि पहले लोहिया भवन की चाभी मनिका प्रखंड विकास पदाधिकारी के पास रहती थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से इसकी चाभी निजी लोगों के हाथ में होना निंदनीय है।
वहीं लव कुमार दुबे ने कहा कि धूमकुड़िया भवन निर्माण के लिए अलग से जमीन आवंटित की जाती है। ऐसे में लोहिया भवन की जमीन पर धूमकुड़िया भवन का निर्माण करना उचित नहीं है।
मौके पर ग्राम प्रधान रजत कुमार, राजद के वरिष्ठ नेता जितेंद्र प्रसाद यादव, भाजपा के वरिष्ठ नेता मनदीप कुमार, अंकित कुमार, ग्रामीण श्याम प्रसाद, समाजसेवी बली यादव, गोपाल प्रसाद समेत कई लोग मौजूद थे।