रांची क्लब में कल सजेगी 103वीं गुलाब प्रदर्शनी, देश-विदेश की किस्में होंगी आकर्षण का केंद्र
सुबह 7 बजे से प्रतियोगिताएं, दोपहर बाद आम लोगों के लिए खुला रहेगा प्रदर्शनी स्थल

रांची। द रोज सोसाइटी ऑफ रांची के तत्वावधान में 103वीं वार्षिक गुलाब प्रदर्शनी का आयोजन 15 मार्च 2026 को किया जाएगा। यह प्रदर्शनी रांची क्लब में आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में गुलाब प्रेमी, बागवानी विशेषज्ञ और प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। प्रदर्शनी में देश-विदेश की सुंदर और दुर्लभ गुलाब प्रजातियों के साथ-साथ कलाकारों द्वारा तैयार गुलाब आधारित कलाकृतियां भी प्रदर्शित की जाएंगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 23वीं इन्फैंट्री डिविजन के मेजर जनरल सज्जन सिंह मान (जीओसी) होंगे, जो विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार सुबह 7 से 9 बजे तक विभिन्न श्रेणियों में गुलाब पौधों और कलाकृतियों की प्रविष्टियां ली जाएंगी। इसमें गमलों में उगाए गए गुलाब पौधे, स्कूल-कॉलेज छात्रों के लिए गुलाब सज्जा, गुलाब चित्रकारी, साड़ी-वस्त्र व चीनी मिट्टी पर गुलाब चित्रांकन, कागज व मोम से गुलाब निर्माण, गुलाब फोटोग्राफी तथा गुलाब से संबंधित अन्य रचनात्मक वस्तुओं की प्रतियोगिताएं शामिल होंगी।
दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक आम लोगों के लिए एंट्री सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक निर्णायक मंडल द्वारा प्रविष्टियों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक प्रदर्शनी आम जनता के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। प्रवेश निःशुल्क होगा। वहीं शाम 4:30 बजे विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रदर्शनी में सर्वश्रेष्ठ गुलाब को ‘किंग ऑफ शो’, दूसरे स्थान को ‘क्वीन ऑफ शो’, सर्वश्रेष्ठ फ्लोरीबुंडा को ‘प्रिंसेस ऑफ शो’ तथा सर्वश्रेष्ठ मिनिएचर को ‘प्रिंस ऑफ शो’ का पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। प्रतियोगिताएं व्यक्तिगत, संस्थागत, भारतीय गुलाब, छोटे उत्पादक व नर्सरी, गुलाब सजावट, विशेष प्रदर्शन और पेंटिंग-क्राफ्ट-फोटोग्राफी सहित कई वर्गों में आयोजित की जाएंगी। सभी वर्गों में प्रथम, द्वितीय पुरस्कार के साथ प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए आयोजक हेजल डेविस से मोबाइल नंबर 9955359206 पर संपर्क किया जा सकता है।