ताज़ा-ख़बर

श्रीमद्भागवत कथा में गूंजा श्रीकृष्ण भक्ति का संदेश, दूसरे दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

रिपोर्ट: Dilip Karmali3 घंटे पहलेझारखण्ड

लक्ष्मी नारायण मंदिर में आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण, 14 जुलाई को पूर्णाहुति, महाआरती और विशाल भंडारा

श्रीमद्भागवत कथा में गूंजा श्रीकृष्ण भक्ति का संदेश, दूसरे दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

गोला, रामगढ़ : चित्तरंजन सेवा सदन परिसर स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय श्री 1008 श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन पूरा मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। वृंदावन धाम से पधारे प्रख्यात कथावाचक आचार्य कुमार शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, धर्म, भक्ति और मानव जीवन के आदर्शों का अत्यंत भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी वर्णन किया। कथा के दौरान श्रद्धालु राधे-राधे, जय श्रीकृष्ण और हरे कृष्ण के जयघोष से पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे। आचार्य कुमार शास्त्री ने अपने प्रवचन में कहा कि श्रीमद्भागवत महापुराण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं बल्कि मानव जीवन को सत्य, सेवा, करुणा, सदाचार और ईश्वर भक्ति का मार्ग दिखाने वाला दिव्य ज्ञान का भंडार है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संपूर्ण जीवन हमें हर परिस्थिति में धर्म, सत्य और न्याय के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोपियों के प्रति प्रेम, गीता के उपदेश तथा धर्म की स्थापना के प्रसंगों को सुन श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। दूसरे दिन कथा स्थल पर महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की और धार्मिक वातावरण का आनंद लिया। पूरे परिसर में भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार से आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत माहौल बना रहा। आयोजन समिति ने बताया कि श्रीमद्भागवत महापुराण कथा प्रतिदिन अपराह्न 3:30 बजे से शाम 7:00 बजे तक 13 जुलाई तक आयोजित होगी। इसके बाद 14 जुलाई को भगवान श्री सत्यनारायण पूजा, यज्ञ की पूर्णाहुति, महाआरती, प्रसाद वितरण तथा दोपहर 2 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। मुख्य आयोजक वंदना अंबष्ट ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित कथा एवं आगामी धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर रेखा चौधरी, गोपी प्रसाद, सनत सिन्हा, कुंवर कुमार बक्सी, प्रदीप चंद्र लाला, जनार्दन पाठक, सुशील बुधिया, मनोज मिश्र, मनोज पोद्दार, रमेश प्रसाद, मधु बक्सी, सुजाता बक्सी, रेखा सिन्हा, अंजला मिश्रा, बेबी अग्रवाल, मनीष कुमार, सदानंद प्रमाणिक, टोपन महतो, रजनीश आनंद, नवीन कुमार, अभिमन्यु अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, सुचाँद, राजनाथ महतो सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़ें.