40 साल का सूखा खत्म करने नवगई डैम पहुंची उच्चस्तरीय टीम, राइट कैनल से खेतों तक पानी पहुंचने की जगी आस
रोजगार की तलाश में हो रहा पलायन अब रुकेगा: विधायक भूषण तिर्की

विधायक भूषण तिर्की की पहल लाई रंग: 2 हजार से अधिक किसानों की संवरेगी तकदीर, रुकेगा पलायन, खेती-किसानी से बढ़ेगी आय
चैनपुर-: दशकों से सिंचाई के पानी की आस में पथरा गई चैनपुर और डुमरी प्रखंड के किसानों की आंखों में मंगलवार को एक नई चमक देखने को मिली। अपर शंख जलाशय (नवगई डैम) निर्माण के लगभग 40 साल बाद आखिरकार राइट कैनल का पानी किसानों के खेतों तक पहुंचने की उम्मीद जगी है। गुमला विधायक भूषण तिर्की के कड़े संघर्ष और विधानसभा के मानसून सत्र के शून्य काल में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के बाद राज्य सरकार ने त्वरित संज्ञान लिया है। मंगलवार को जल संसाधन विभाग की एक उच्चस्तरीय टीम ने नवगई डैम पहुंचकर कैनल और जलाशय की भौतिक स्थिति का जायजा लिया। दशकों की हताशा के बीच जब विभागीय अधिकारियों की टीम विधायक भूषण तिर्की के साथ गांव पहुंची तो ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ग्रामीणों ने अपनी पुरानी परंपरा के अनुसार परिघाकर विधायक और जल संसाधन विभाग की टीम का भव्य स्वागत किया। गाजे-बाजे के साथ पूरी टीम को गांव से डैम तक ले जाया गया। ग्रामीणों को अब यह पक्का विश्वास हो चला है कि उनके खेतों की प्यास अब जल्द बुझेगी। ग्रामीणों ने इस ऐतिहासिक पहल और अपने हक़ की आवाज़ सदन में उठाने के लिए विधायक भूषण तिर्की का हृदय से आभार जताया।
रोजगार की तलाश में हो रहा पलायन अब रुकेगा: विधायक भूषण तिर्की
मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक भूषण तिर्की ने डैम की जर्जर स्थिति और ग्रामीणों के दर्द को पूरी संवेदनशीलता के साथ साझा किया। उन्होंने अपने स्पष्ट कहा की इस डैम को बने हुए 40 साल से भी अधिक का समय हो गया है लेकिन आज तक हालात सुधर नहीं पाए। इस दुर्गम इलाके के लोगों को बड़ी उम्मीद थी कि डैम के निर्माण के बाद वे खेती-बारी कर अपना जीवन बसर करेंगे। अपनी ज़मीनें भी लोगों ने इसी उम्मीद में दी थीं। लेकिन राइट कैनल की स्थिति खराब होने और नहरों से पानी न मिलने के कारण यहां के लोग आज भारी निराशा में हैं और रोजगार की तलाश में दूसरे प्रदेशों में पलायन करने को मजबूर हैं। विधायक ने आगे कहा की जनता के इसी दर्द और हित को देखते हुए मैंने विधानसभा के शून्य काल में मजबूती से इस बात को रखा था। मुझे खुशी है कि हेमंत सोरेन सरकार ने इसका तुरंत संज्ञान लिया है। आज जल संसाधन विभाग के चीफ इंजीनियर पी.डी. राम और पूरी टीम यहां मुआयना करने पहुंची है। उच्चाधिकारियों का यहां आना इस बात का प्रमाण है कि बहुत जल्द इस डैम के माध्यम से इलाके के अच्छे दिन आने वाले हैं और लोगों का पलायन रुकेगा। यहां के किसान भी हर मौसम की खेती आराम से कर पाएंगे जिससे उनकी आय बढ़ेगी। आज के समय में यहां के किस महानगरों की ओर पलायन कर रहे हैं रोजगार की कमी के कारण राइट कैनल से जब पानी आने लगेगा तो यही खेती बाड़ी किसी कर किसान अच्छा मुनाफा कमाएंगे।
जल्द शुरू होगा राइट कैनल के जीर्णोद्धार का काम
निरीक्षण के दौरान विभाग के चीफ इंजीनियर पी.डी. राम और एग्जीक्यूटिव इंजीनियर कंचन ज्योति किंडो ने 12.93 किलोमीटर लंबी राइट कैनल में जमे गाद और उसकी जर्जर स्थिति को बारीकी से देखा। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने मौके पर ही आश्वस्त किया कि वस्तुस्थिति का पूरा मुआयना कर लिया गया है। विभागीय प्राक्कलन की प्रक्रिया पूरी कर बहुत जल्द यहां साफ-सफाई और मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा ताकि किसानों तक निर्बाध रूप से पानी पहुंच सके। इस परियोजना के चालू होने और राइट कैनल से पानी छोड़े जाने के बाद चैनपुर और डुमरी प्रखंड की तस्वीर पूरी तरह से बदल जाएगी। वर्तमान में पानी न होने के कारण किसान साल में केवल एक बार बरसात के मौसम में धान की खेती कर पाते हैं।