अवैध शराब कारोबार पर थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह का बड़ा प्रहार , 50 क्विंटल जावा महुआ किया नष्ट
बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में छापामारी कर बड़े-बड़े ड्राम में रखे करीब 50 क्विंटल अवैध जावा महुआ को नष्ट किया गया।

बड़कागांव : हजारीबाग जिला के बड़कागांव थाना अंतर्गत दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर अवैध शराब कारोबार को लेकर विशेष अभियान चलाए गए।
हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नापोखुर्द , मुरली पहाड़ , महुंगाई सहित अन्य स्थानों पर छापामारी कर बड़े-बड़े ड्राम में रखे करीब 50 क्विंटल अवैध जावा महुआ को नष्ट किया गया।
थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने आगे बताया दुर्गा पूजा के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने और अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। अवैध शराब को लेकर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारीयों में हड़कंप मचा हुआ है।