नाबालिग को पुणे से सकुशल बरामद किया , मुख्य आरोपी गिरफ्तार
नावा जयपुर थाना क्षेत्र से शादी की नीयत से भगाकर ले जाने का मामला

मेदिनीनगर, पलामू : नावा जयपुर थाना क्षेत्र से शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाई गई नाबालिग लड़की को पलामू पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सनी कुमार (19) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, छह अक्टूबर 2026 को आरोपी नाबालिग लड़की को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद उसे महाराष्ट्र के पुणे में छिपाकर रखा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नाबालिग की तलाश में कार्रवाई की गई। पुलिस के प्रयास से लड़की को पुणे से सकुशल बरामद कर लिया गया और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सनी कुमार, पिता जनेश्वर भुईया, निवासी कस्बाखाड़, थाना नावा जयपुर, जिला पलामू के रूप में हुई है। इस संबंध में नावा जयपुर थाना कांड संख्या 38/26 दर्ज किया गया है। पलामू पुलिस ने आम नागरिकों से महिला एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी घटना की सूचना तत्काल नजदीकी थाने को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति वह प्रतिबद्ध है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है।