ताज़ा-ख़बर

झारखंड भवन में विधायक डा शशि भूषण को नहीं मिला कमरा, नाराज विधायक बैठे धरने पर

रिपोर्ट: Shailendra Tiwary24 दिन पहलेझारखण्ड

झारखण्ड भवन में बाहरी लोगों का है कब्ज़ा : डॉ शशिभूषण मेहता

झारखंड भवन में विधायक डा शशि भूषण को नहीं मिला कमरा, नाराज विधायक बैठे धरने पर

मेदिनीनगर (पलामू) : झारखंड विधानसभा के सदस्य सह पांकी विधायक डॉ कुशवाहा शशिभूषण मेहता को दिल्ली स्थित झारखंड भवन में कमरा नहीं मिला। इससे नाराज विधायक अपने सामान के साथ धरने पर बैठ गए। पहले से उनका दो कमरा बुक था। विधायक जब रिसेप्शन पर पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि कोई भी कमरा खाली नहीं है। इससे नाराज विधायक सामान के साथ रिसेप्शन के सामने ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने वहीं भोजन भी किया।

डॉ शशिभूषण मेहता ने बताया कि उन्होंने 2 कमरे पहले से बुक करवा लिए थे। साथ ही इसकी पुष्टि भी कराई थी। लेकिन जब वे झारखंड भवन पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि सिर्फ एक कमरा बुक है। दूसरा उपलब्ध नहीं है। यहां तक कि रिसेप्शन पर यह भी कहा गया कि कोई कमरा खाली नहीं है। रिसेप्शन पर जानकारी मिलने के बाद विधायक ने अपना टिफिन वहीं खोलकर खाना खाया। इसके पश्चात धरना शुरू कर दिया। उन्होंने इसे झारखंड की विधायिका का अपमान बताया।

कहा कि यह किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। विधायक मेहता ने झारखंड की मुख्य सचिव अलका तिवारी व विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो को इस मामले की जानकारी दी। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय मंत्री संजय सेठ व झामुमो विधायक कल्पना सोरेन को भी घटना से अवगत कराया। विधायक ने सवाल किया कि झारखंड भवन का निर्माण करोड़ों रुपये खर्च कर हुआ है। लेकिन अगर राज्य के विधायकों को ही यहां कमरे के लिए अपमानित होना पड़े तो इसका मतलब क्या है।

इन्हें भी पढ़ें.