पूर्व विधायक लोकनाथ महतो की पत्नी मोलनी देवी का निधन, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
15 वर्षों तक विधायक की पत्नी होकर भी सादगी की मिसाल रहीं मोलनी देवी, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

रिपोर्ट : अजय कुमार
हजारीबाग : बड़कागांव के पूर्व विधायक लोकनाथ महतो की धर्मपत्नी एवं सादगीपूर्ण जीवन के लिए जानी जाने वाली 75 वर्षीय मोलनी देवी का बुधवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे बड़कागांव क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार दोमुहाने नदी श्मशान घाट पर पूरे धार्मिक रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ जहां पूर्व विधायक लोकनाथ महतो ने नम आंखों से अपनी पत्नी को मुखाग्नि दी। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। परिजनों के अनुसार मोलनी देवी लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थीं और उनका उपचार चल रहा था। बुधवार को उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाने की तैयारी थी लेकिन उससे पहले ही उन्होंने अंतिम सांस ली। मोलनी देवी का जीवन सादगी और संघर्ष की मिसाल रहा। बताया जाता है कि मंगलवार को वह बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। वहां एक महिला सब्जी विक्रेता से उन्होंने भावुक होकर कहा कि अब हम सब्जी खरीदे कहिओ नाय आवे पारबो। महज कुछ घंटे बाद उनका निधन हो गया। यह घटना सुनकर क्षेत्र के लोग भावुक हो उठे। गौरतलब है कि पूर्व विधायक लोकनाथ महतो के लगभग 15 वर्षों तक विधायक रहने के बावजूद मोलनी देवी ने कभी सादगी नहीं छोड़ी। वे लंबे समय तक स्वयं बाजार में सब्जी बेचकर परिवार के साथ सामान्य जीवन जीती रहीं। उनकी सहजता, सरल स्वभाव और सामाजिक व्यवहार के कारण वे क्षेत्र में बेहद सम्मानित थीं। अंतिम यात्रा और श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सांसद मनीष जायसवाल, विधायक रोशन लाल चौधरी, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, केनरा बैंक प्रबंधक शशि कुमार बागे, सांसद प्रतिनिधि पूनम साहू, झामुमो नेता संजय सिंह, जेएलकेएम नेता बालेश्वर कुमार, आजसू नेता संदीप कुशवाहा, डॉ. बालेश्वर महतो, डॉ. कीर्तिनाथ महतो, नंदकिशोर लाल, टुकेश्वर प्रसाद, संजय तिवारी, विशेश्वर नाथ चौबे, दिनेश प्रसाद, हेमंत भुइयां, भीखन महतो, शिबू कुमार मेहता, रामपति राम, शशि मेहता, मनोज दांगी, केदार महतो, पप्पू कुमार, प्रवीण कुमार, अशोक महतो, नागेश्वर महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य लोगों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। मोलनी देवी के निधन से बड़कागांव ने एक सरल, कर्मठ और प्रेरणादायी व्यक्तित्व को खो दिया है।