15 जून तक झारखंड पहुंच सकता है मानसून, 8 जून तक येलो अलर्ट जारी
बंगाल की खाड़ी में पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून, प्री-मानसून बारिश और वज्रपात की चेतावनी; डाल्टनगंज रहा सबसे गर्म

रांची। झारखंड में मानसून की दस्तक अब करीब है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून बंगाल की खाड़ी में पहुंच चुका है और अगले कुछ घंटों में इसके केरल पहुंचने की संभावना है। सामान्यतः केरल से झारखंड तक मानसून पहुंचने में 10 से 12 दिन लगते हैं, ऐसे में राज्य में 15 जून तक मानसून के प्रवेश की उम्मीद जताई गई है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष झारखंड में मानसून 17 जून को पहुंचा था।
मानसून आगमन से पहले राज्य के विभिन्न हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 4 जून से 8 जून तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इसे लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक वर्षा गुमला जिले के सिसई में 9.2 मिलीमीटर दर्ज की गई। वहीं तापमान की बात करें तो डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर लातेहार में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।
राजधानी रांची में गुरुवार सुबह आंशिक बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ होने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। रांची का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री और न्यूनतम 24.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।