सांसद विजय हांसदा ने सुप्रिया मुर्मू संग रचाई शादी
रांची के संत पॉल कैथेड्रल चर्च में ईसाई रीति-रिवाज से संपन्न हुआ विवाह, मंत्री दीपिका पांडे सहित झामुमो नेताओं व कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं

Ajay Kumar
पाकुड़/रांची: राजमहल लोकसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के सांसद विजय हांसदा बुधवार को रांची स्थित संत पॉल कैथेड्रल चर्च में सुप्रिया मुर्मू के साथ ईसाई रीति-रिवाज से विवाह बंधन में बंध गए। पूर्वाह्न 11 बजे चर्च में धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह की सभी रस्में संपन्न हुईं।

विवाह समारोह में राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह सहित झामुमो के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए तथा नवविवाहित दंपति को शुभकामनाएं दीं। विवाह के बाद अतिथियों के लिए भोज का आयोजन किया गया।
शाम को रांची के स्टेशन रोड स्थित बीएनआर चाणक्य में रिसेप्शन समारोह आयोजित किया जाना है। इसमें मुख्यमंत्री सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक, सांसद और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
साहिबगंज और पाकुड़ से पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भी विवाह समारोह में शामिल होने रांची पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य कर खुशी का इजहार किया। सांसद विजय हांसदा भी समर्थकों के साथ उत्साहपूर्वक थिरकते नजर आए, जिससे समारोह का माहौल और भी उल्लासपूर्ण हो गया।