असहाय वृद्धा की मदद को आगे आए नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, अस्पताल पहुंचाकर कराया इलाज
परिजनों से मिलवाकर निभाई सामाजिक जिम्मेदारी, मनोज चौधरी की पहल की हो रही सराहना

सरायकेला : नगर पंचायत के नव निर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सरगीडीह स्कूल में रह रही एक असहाय वृद्धा की मदद के लिए त्वरित कदम उठाया। शिक्षक मनोज प्रधान और वार्ड पार्षद के पति उदय तियु द्वारा वृद्धा की दयनीय स्थिति की सूचना मिलने पर वे तुरंत मौके पर पहुंचे। झामुमो के जिला उपाध्यक्ष के साथ सारगीडीह पहुंचे मनोज चौधरी ने वृद्धा की हालत देख तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा। वहां उनका समुचित उपचार कराया गया। इसके बाद काफी प्रयास के बाद वृद्धा के परिजनों का पता लगाया गया। उपचार पूरा होने के बाद उन्हें टेटोपोसी गांव निवासी कृष्णा महतो को उनकी मां के रूप में सौंप दिया गया। अपनी मां को सुरक्षित और स्वस्थ पाकर कृष्णा महतो ने खुशी जाहिर करते हुए मनोज चौधरी का आभार व्यक्त किया। इस मानवीय पहल के लिए क्षेत्र में मनोज चौधरी की काफी सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह जरूरतमंदों की मदद करना समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।