डायन-बिसाही के शक और जमीन विवाद में हत्या, गारू पुलिस ने दो आरोपियों को भेजा जेल
हत्या की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन कर कार्रवाई शुरू की गई।

By Santosh Kumar लातेहार। लातेहार जिले के गारू थाना क्षेत्र के ग्राम लाई में बुजुर्ग तेतरा उराँव (62 वर्ष) की हत्या मामले का पुलिस ने शीघ्र उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जानकारी थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।इस संबंध में गारू थाना कांड संख्या 07/2026, दिनांक 21 अप्रैल 2026 को धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
हत्या की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन कर कार्रवाई शुरू की गई।जांच के दौरान संतोष उराँव (34 वर्ष) एवं प्रेम उराँव (45 वर्ष), दोनों ग्राम लाई निवासी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक पर डायन-बिसाही का शक किया जाता था।
साथ ही जमीन को लेकर भी पुराना विवाद चल रहा था। इसी कारण दोनों ने 20 अप्रैल की रात मृतक को शराब पिलाकर नशे में किया और नायलॉन रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पीला प्लास्टिक रस्सी तथा घटनास्थल के पास छूटा भूरा रंग का एक जोड़ा चप्पल बरामद किया है।छापेमारी दल में राजीव रंजन, राजकुमार पाण्डेय, लल्लु राम एवं गारू थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।