कोडरमा विधायक के चालक की हत्या से सनसनी, पिता-पुत्री समेत तीन घायल
पुलिस की निष्क्रियता पर विधायक नीरा यादव का गंभीर आरोप, थाना प्रभारी की भूमिका पर उठाए सवाल

कोडरमा : थाना क्षेत्र के चितरपुर गांव में बुधवार रात हुई हिंसक घटना में कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी चालक 40 वर्षीय राजकुमार यादव की हत्या कर दी गई। घटना में उनकी 15 वर्षीय पुत्री सोनिका कुमारी, मां सुधा देवी और पिता दशरथ यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दशरथ यादव की स्थिति अत्यंत नाजुक होने के कारण उन्हें रिम्स रेफर किया गया है जबकि मां और पुत्री का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही विधायक डॉ. नीरा यादव अस्पताल पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। विधायक ने आरोप लगाया कि राजकुमार यादव ने उन्हें पहले ही गांव में तनाव की जानकारी दी थी और उन्होंने स्वयं कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान को फोन कर तत्काल पुलिस बल भेजने का अनुरोध किया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। डॉ. नीरा यादव ने कहा कि यदि समय रहते पुलिस हस्तक्षेप करती तो इतनी बड़ी घटना टाली जा सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी वारदात सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई है और थाना प्रभारी की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दिए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह राजकुमार यादव के शव के साथ कोडरमा थाना के समक्ष सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है जबकि पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।