‘नदिया के पार’ की अभिनेत्री साधना सिंह ने किया सम्मानित
तिरंगा वाले शौकत खान को रत्न श्री अवार्ड, समाजसेवा में पिता–पुत्र की अनोखी मिसाल

गढ़वा : झारखंड की शान कहे जाने वाले तिरंगा वाले शौकत खान को हिन्दी फिल्म नदिया के पार की मशहूर अभिनेत्री साधना सिंह ने रत्न श्री अवार्ड से सम्मानित किया। यह सम्मान शनिवार को रांची में स्टोरी लाइन इंडिया के मंच पर आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। शौकत खान की अनुपस्थिति में यह पुरस्कार उनके पुत्र एवं कपड़ा बैंक के संचालक साजिद खान ने ग्रहण किया।
शौकत खान और उनके पुत्र साजिद खान की यह अनोखी जोड़ी गढ़वा जिला ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड और देशभर में निस्वार्थ समाजसेवा के लिए जानी जाती है। पिता–पुत्र की यह जोड़ी लगातार मानवता और देशभक्ति की मिसाल पेश करते हुए गढ़वा जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रही है।
बताया जाता है कि शौकत खान और साजिद खान ने भारतीय सेना, झारखंड पुलिस और शहीदों के सम्मान में लगभग 12 वर्ष पहले गढ़वा जिले से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद राष्ट्रीय तिरंगा सम्मान समारोह के तहत अब तक तीन लाख से अधिक नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भेंट कर देशभक्ति की अलख इ और आइकॉन बन चुके हैं।
रत्न श्री अवार्ड से सम्मानित किए जाने पर शौकत खान ने फिल्मी जगत की हस्तियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 से उन्हें फिल्मी दुनिया की कई प्रमुख हस्तियों से सम्मान प्राप्त हुआ है, जिनमें प्रमुख रूप से जया प्रदा से ‘आइकॉनिक एक्सीलेंस अवार्ड 2025’, भूमिका चावला से ‘डी ग्लोबल अवार्ड 2025’, आंचल मुंजाल से ‘आइकॉनिक ब्रांड ऑफ इंडिया सम्मान 2025’ तथा झारखंड सेवा सम्मान शामिल हैं। अब रत्न श्री अवार्ड मिलना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
उन्होंने इस सम्मान के लिए स्टोरी लाइन इंडिया के संस्थापक साधना कुमार झा के प्रति विशेष आभार प्रकट किया और कहा कि यह सम्मान उन्हें समाजसेवा के मार्ग पर और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।