पेयजल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में नगर पंचायत सक्रिय, डब्ल्यूटीपी का हुआ विस्तृत निरीक्षण
मनोज चौधरी ने जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश, सिस्टम हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू

सरायकेला : नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार गहराते पेयजल संकट के समाधान के लिए नगर पंचायत सरायकेला ने ठोस पहल शुरू कर दी है। नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) का विस्तृत निरीक्षण कर जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने प्लांट की कार्यप्रणाली, जल शोधन प्रक्रिया, वितरण प्रणाली, मशीनों और उपकरणों की स्थिति का गहन अवलोकन किया। मोटर रूम में अत्यधिक गर्मी के कारण मोटरों के अधिक गर्म होने की स्थिति पर गंभीर संज्ञान लेते हुए उन्होंने तत्काल एयर कंडीशनर (एसी) लगाने का निर्देश दिया ताकि मशीनों का सुरक्षित और सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी आवश्यकताओं का आकलन कर विस्तृत सूची तैयार करने का निर्देश भी दिया। निरीक्षण के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी समीर बोदरा, उपाध्यक्ष अविनाश कवि, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारी सहित कई तकनीकी कर्मी उपस्थित रहे। मनोज चौधरी ने कहा कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से संपूर्ण जलापूर्ति प्रणाली को नगर पंचायत के अधीन लाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे स्थानीय स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान, बेहतर निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि इस पहल से नगरवासियों को नियमित, स्वच्छ और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।