दुर्गा पूजा से पहले नीमडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नकली अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़
भारी मात्रा में नकली शराब जब्त, दो सप्लायर गिरफ्तार, पुलिस की विशेष छापेमारी अभियान में सफलता

नीमडीह : सरायकेला-खरसावाँ जिले की नीमडीह थाना पुलिस ने दुर्गा पूजा से पहले अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली अंग्रेजी शराब निर्माण की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 16 सितंबर 2025 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल के नेतृत्व में तेतलो गांव निवासी अशोक गोप उर्फ विडियो गोप के घर पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान घर के बाहर खड़े एक टेम्पु से भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब लोड पाया गया। मौके से निरंजन गोराई (भादुडीह) और प्रकाश कुमार गुप्ता (हलुदबनी, परशुडीह) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान घर के अंदर से शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाला स्प्रीट, लेबल, स्टिकर, बोतल के ढक्कन सहित अन्य सामान बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि दुर्गा पूजा में शराब की बढ़ती मांग को देखते हुए यह मिनी फैक्ट्री चलाई जा रही थी और तैयार नकली शराब नीमडीह व चांडिल क्षेत्र में सप्लाई की जाती थी। पुलिस ने मौके से 375 एमएल और 180 एमएल साइज की कुल 458 नकली बोतलें, लगभग 100 लीटर स्प्रीट, विभिन्न ब्रांडों के नकली लेबल और JH05DU-1845 नंबर का टेम्पु जब्त किया है। नीमडीह थाना कांड संख्या 53/2025 के तहत बीएनएस और उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। यह कार्रवाई त्योहार से पहले नकली शराब कारोबारियों के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।