ताज़ा-ख़बर

वार्ड 17 में नीतू शर्मा की पहल रंग लाई, जयप्रकाश उद्यान सड़क से हटा बाधक बिजली पोल

रिपोर्ट: MANISH 1 दिन पहलेझारखण्ड

उपायुक्त के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई, जनसंघर्ष और अनशन के बाद मिली बड़ी जीत

वार्ड 17 में नीतू शर्मा की पहल रंग लाई, जयप्रकाश उद्यान सड़क से हटा बाधक बिजली पोल

आदित्यपुर : नगर निगम के वार्ड 17 स्थित बहुचर्चित जयप्रकाश उद्यान सड़क निर्माण कार्य में वर्षों से बाधा बने बिजली के पोल को आखिरकार सोमवार को हटा दिया गया। उपायुक्त के सख्त निर्देश के बाद बिजली विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क के बीचों-बीच खड़े पोल को हटाकर निर्माण कार्य का रास्ता पूरी तरह साफ कर दिया। इस मामले को लेकर निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा लगातार सक्रिय रहीं। उन्होंने विभागीय स्तर पर कई बार पत्राचार कर समस्या के समाधान की मांग उठाई थी लेकिन लंबे समय तक कोई सुनवाई नहीं हुई। स्थिति तब गंभीर हो गई जब संवेदक ने पोल हटाए बिना ही उसके चारों ओर सड़क की ढलाई कर दी जिससे राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया था। जनहित को प्राथमिकता देते हुए नीतू शर्मा ने मामले को सीधे उपायुक्त के संज्ञान में पहुंचाया। बताया जाता है कि उपायुक्त ने लापरवाही पर बिजली विभाग को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल पोल हटाने का निर्देश दिया। इसके बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और बाधक पोल को हटाकर लोगों को राहत दी। गौरतलब है कि इस सड़क निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने लंबा संघर्ष किया था। नीतू शर्मा ने इसे पूर्व बोर्ड बैठक में पारित कराया था लेकिन तकनीकी कारणों से प्रस्ताव रद्द हो गया। इसके विरोध में उन्होंने आंदोलन छेड़ा और आमरण अनशन तक किया। अंततः प्रशासनिक हस्तक्षेप से तकनीकी अड़चनें दूर हुईं और निर्माण कार्य शुरू हो सका। अब सड़क पूरी तरह धरातल पर उतर चुकी है और अंतिम बड़ी बाधा भी समाप्त हो गई है। नीतू शर्मा ने इस जनहितकारी कार्रवाई के लिए उपायुक्त और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार जताया है।

इन्हें भी पढ़ें.